03/09/2026
जीआरएमसी डीन ने रेडियोलॉजी एवं कैंसर विभाग का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश**
ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने रेडियोलॉजी एवं कैंसर विभाग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेडियोलॉजी विभाग में नई डीआर एक्स-रे मशीन बंद पाई गई। मशीन के खराब होने की सूचना संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियर को समय पर प्राप्त नहीं होने पर अधिष्ठाता ने नाराजगी व्यक्त की तथा विभागीय व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी एवं सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण के निर्देश दिए।
अल्ट्रासाउंड कक्ष के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा जांच कार्य किया जा रहा था, जबकि सीनियर कंसल्टेंट की उपस्थिति नहीं थी। मरीजों की कतार एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। अधिष्ठाता ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं से संबंधित कमियों के संबंध में अधीक्षक तथा रेडियोलॉजी विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर विभागाध्यक्ष से जवाब-तलब किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सीटी-एमआरआई मशीन के इंस्टॉलेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य प्रभावित पाया गया। अधिष्ठाता ने संबंधित पीआईयू अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कैंसर विभाग में पेट सीटी मशीन के इंस्टॉलेशन कार्य का निरीक्षण किया गया। कार्य पूर्ण करने के लिए 10 दिन का समय बताए जाने पर अधिष्ठाता ने कार्य में तेजी लाते हुए छह दिन में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।