29/11/2020
नवीन समाचार, नैनीताल, 29 नवम्बर 2020। कुमाऊं विश्वविद्यालय को शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए वैश्विक उच्च शिक्षा थिंक-टैंक और दुनिया के सबसे बड़े परामर्श विश्वविद्यालय रैंकिंग पोर्टफोलियो के संकलक-क्यूएस यानी क्वैकारेल्ली सिमोंड्स ने एशिया महाद्वीप के सर्वश्रेष्ठ उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए जारी ताजा रैंकिंग में 551 से 600 के वर्ग में तथा भारतीय विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में 81 से 85 के बीच स्थान दिया है। उल्लेखनीय है कि कुमाऊं विश्वविद्यालय के साथ यही रैंकिंग भारतीय विद्यापीठ, पुणे एवं दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी को भी मिली है।
बीती
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्यूएस ने गत 23 नवंबर कोएशिया-विशिष्ट संस्करण के लिए 11 प्रमुख मापदंडों के आधार पर विश्वविद्यालयों की शैक्षिक स्थिति, स्नातक रोजगार, अनुसंधान गुणवत्ता, वेब उपस्थिति, परिसर में अंतर्राष्ट्रीयकरण, अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान नेटवर्क और संस्थानों के अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की विविधता को शामिल करते हुए उनकी समग्र रैंकिंग जारी की है। उल्लेखनीय है कि कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा कुलपति प्रो. एनके जोशी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार हेतु शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता हेतु हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। क्यूएस द्वारा प्राप्त रैंकिंग को इसी का परिणाम माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. जोशी ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य विश्वविद्यालय को सृजनात्मकता, उद्यमिता, नवाचार, शोध एवं अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाना है। वहीं इस उपलब्धि पर परिसर निदेशक, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, कुमाऊँ यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कुलपति को विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया है।