08/03/2026
सेंट्रल एकेडमी टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, अजमेर में दिनांक 7 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक पदों पर कार्यरत दो महिला पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. शोभा सुमन मिश्रा, अध्यक्षा, सेंट्रल एकेडमी एजुकेशन सोसाइटी, अजमेर थीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती हेमलता यादव, सहायक आयुक्त, राज्य कर विभाग, अजमेर तथा श्रीमती शेफाली शर्मा, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, अजमेर का सम्मान किया गया । कार्यक्रम के आरंभ अध्यक्षा डॉ शोभा सुमन मिश्रा, अतिथीद्वय श्रीमती हेमलता यादव, श्रीमती शेफाली शर्मा , श्री आरुष टी. एन. मिश्रा, सचिव, सेंट्रल एकेडमी एजुकेशन सोसाइटी, डॉ. नेहा मिश्रा, कोषाध्यक्ष, सेंट्रल एकेडमी एजुकेशन सोसाइटी ,महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. वर्षा नालमे एवं डॉ. भागचन्द बालोत ने माँ सरस्वती एवं संस्थापक पंडित के.एन. मिश्रा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभअवसर पर संस्था की अध्यक्ष महोदया द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।अध्यक्षा डॉ शोभा सुमन मिश्रा मेम ने सभी को शुभकामनाये प्रदान की।
अपने उद्बोधन में श्रीमती हेमलता यादव ने कहा कि आज के समय में महिलाओं का शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने छात्राओं एवं शिक्षकों को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती शेफाली शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएँ आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने पुरुषों से भी आग्रह किया कि वे परिवार एवं समाज में महिलाओं का सम्मान करें तथा उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग दें, जिससे एक विकसित समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि महिला केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा महिला सशक्तिकरण से संबंधित भाषण, कविताएँ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वर्षा नालमे ने अतिथियों एवं संस्था का परिचय प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. भागचन्द बालोत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए महिला सम्मान और समानता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उर्मिला शर्मा ने किया।