02/03/2026
सरदार पटेल विश्वविद्यालय, बालाघाट में यूनिटी प्रीमियर लीग का शानदार समापन
बालाघाट (म.प्र.)।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय, बालाघाट में आयोजित यूनिटी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह, रोमांच और खेल भावना के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंस एंड रिसर्च एवं सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की टीमों के बीच खेला गया।
फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंस एंड रिसर्च की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की टीम ने शानदार खेल भावना और कौशल का परिचय देते हुए उपविजेता स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इंजी. दिवाकर सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में एकता, समन्वय और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर वारासिवनी के एस.डी.एम. कार्तिकेय जायसवाल, अतुल वैद्य, सतीश चिले, राजेंद्र शुक्ला, श्रेयांश वैद्य, डॉ. रविन्द्र सोनवाने, अशोक मिश्रा, राजेश गांधी, प्रति कुलाधिपति वीरेश्वर सिंह, कुलगुरु बिप्लब पॉल, कुलसचिव डॉ. स्वाति जायसवाल, कार्यकारी निर्देशक डॉ. मंजीत सिंह, उप परीक्षा नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, चंद्रप्रताप सिंह सहित विश्वविद्यालय के संचालक, पदाधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
यूनिटी प्रीमियर लीग का यह सफल आयोजन विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।