11/03/2024
एफ आर इस्लामिया इंटर कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के चौथे एक दिवसीय नियमित शिविर की शुरुआत लक्ष्य गीत से हुई। एनएसएस वॉलंटियर्स ने बाल विवाह को खत्म करने के लिए अभियान चलाया। छात्रों ने लंबी रैली निकालकर लोगों को जगह-जगह रुककर बाल विवाह के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी ने की। इससे पूर्व प्रथम सत्र में कार्यक्रम अधिकारी फरहान अहमद ने कहा कि बाल विवाह का सीधा असर न केवल लड़कियों पर बल्कि उनके परिवार और समुदाय पर भी होता हैं। जिस लड़की की शादी कम उम्र में हो जाती है उसके स्कूल से निकल जाने की संभावना बढ़ जाती है। उसके कमाने और समुदाय में योगदान देने की क्षमता कम हो जाती है। उसे घरेलू हिंसा और एचआईवी का शिकार होने का खतरा बढ़ जाता है। कोई भी व्यक्ति बाल विवाह की लिखित या मौखिक सूचना बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, पुलिस, ग्राम पंचायत के सरपंच, प्रथम वर्ग न्यायिक मजिस्ट्रेट या महानगर मजिस्ट्रेट को दे सकता है। बाल विवाह संज्ञेय और गैर जमानतीय अपराध है। पुलिस बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर विधि अनुसार कार्यवाही करती है।