22/05/2026
राष्ट्रीय सेवा योजना एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय में “आतंकवादी विरोधी दिवस” एवं “अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस” के अवसर पर जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विनीता जैन, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम पारीक, इको क्लब प्रभारी सुश्री प्रतिभा परमार, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष सुश्री विधि जैन, प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत आतंकवाद विरोधी शपथ एवं जैव विविधता संरक्षण की शपथ के साथ हुई। उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देश की अखंडता, शांति, भाईचारे तथा पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विनीता जैन ने अपने संबोधन में कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए एक गंभीर चुनौती है तथा युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज में शांति, सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को मजबूत करें। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनकर राष्ट्रहित एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु प्रेरित किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम पारीक ने अपने उद्बोधन में कहा कि आतंकवाद केवल हिंसा नहीं बल्कि समाज में भय एवं अस्थिरता फैलाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक समरसता, मानवता एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष सुश्री विधि जैन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद देश की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए शांति, एकता एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इको क्लब प्रभारी सुश्री प्रतिभा परमार ने अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जैव विविधता प्रकृति का अमूल्य उपहार है, जो पृथ्वी पर जीवन संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पेड़-पौधों, वन्यजीवों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक पहल करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जैव विविधता का संरक्षण मानव अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अंत में सभी ने देश में शांति, सद्भाव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर श्री प्रशांत आर्य, डॉ. दिवाकर तिवारी, श्रीमती आशा बाथम, श्री के.के. नंदा, मिथुन धाकड़ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।